Rakshabandhan: रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश की महिलाओं के लिए एक खास पहल की है। शासन के निर्देशानुसार, 8 अगस्त सुबह 6 बजे से लेकर 10 अगस्त की रात 12 बजे तक नोएडा और ग्रेटर नोएडा से संचालित रोडवेज बसों में महिलाएं नि:शुल्क यात्रा कर सकेंगी। यह सुविधा खासकर उन बहनों के लिए फायदेमंद होगी जो अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए दूर-दराज के इलाकों से यात्रा करती हैं।
नोएडा रोडवेज डिपो के प्रभारी रोहतास कुमार ने जानकारी दी कि नई योजना को बेहतर ढंग से लागू करने के लिए सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। वर्तमान में नोएडा डिपो में 188 बसें संचालित हैं, और ग्रेटर नोएडा को जोड़कर यह संख्या 300 से अधिक हो गई है। ये बसें आगरा, मथुरा, बुलंदशहर, एटा, कासगंज, बदायूं, लखनऊ, बरेली, मेरठ और हाथरस सहित कई ज़िलों के लिए सेवाएं प्रदान करेंगी। इस दौरान महिला यात्रियों को प्राथमिकता के आधार पर सीट दी जाएगी। इसके साथ ही, रोडवेज बस में यात्रा करने वाली प्रत्येक महिला को ₹7.5 लाख का जीवन बीमा और दुर्घटना की स्थिति में ₹2.5 लाख का बीमा कवरेज मुफ्त में मिलेगा।
अतिरिक्त बस सेवाएं भी होंगी उपलब्ध
रोडवेज प्रशासन ने बताया कि रक्षाबंधन के कारण भीड़ को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त बस सेवाएं भी चलाई जाएंगी ताकि यात्रियों को कोई परेशानी न हो। अधिकारी ने यह भी कहा कि रोडवेज की बसें सुरक्षित, आरामदायक और समय से चलने वाली हैं।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक कदम
इस योजना को केवल एक यात्रा सुविधा न मानकर, इसे महिला सशक्तिकरण और पारिवारिक मूल्यों के संरक्षण का प्रयास माना जा रहा है। रोडवेज प्रशासन ने सभी बहनों से अपील की है कि वे इस सुविधा का लाभ उठाएं और यात्रा से पहले अपने निकटतम बस अड्डे या हेल्पलाइन से समय और मार्ग की जानकारी अवश्य लें। रक्षाबंधन के इस अवसर पर प्रदेश सरकार का यह निर्णय भाई-बहन के रिश्ते को और प्रगाढ़ बनाएगा और महिलाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और निशुल्क यात्रा का अनुभव भी प्रदान करेगा।
