Bihar Jeevika Nidhi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ लिमिटेड की शुरुआत की। इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने 105 करोड़ रुपये की राशि जीविका निधि में ट्रांसफर की।

महिलाओं को मिलेगी बड़ी सौगात

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि इस योजना से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को ऋण प्राप्त करने में आसानी होगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार इस कार्य के लिए 1,000 करोड़ रुपये स्वीकृत कर चुकी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार की लाखों माताओं और बहनों के लिए आज एक नई सुविधा शुरू की गई है। जीविका निधि के जरिये गांव-गांव की महिलाओं को अब आर्थिक सहायता आसानी से मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि इसकी पूरी व्यवस्था डिजिटल प्रणाली पर आधारित है।

“महिलाओं का सशक्तिकरण ही भारत के विकास का आधार”

पीएम मोदी ने कहा कि भारत के विकास की नींव महिलाओं के सशक्तिकरण पर टिकी है। उन्होंने याद दिलाया कि सरकार ने महिलाओं के लिए करोड़ों शौचालय बनवाए, उन्हें आवास योजना में प्राथमिकता दी और मुफ्त राशन योजना से भी राहत दी। साथ ही महिलाओं को “लखपति दीदी”, “ड्रोन दीदी” और “बैंक सखी” जैसे अभियानों से जोड़ा जा रहा है।

सांस्कृतिक परंपरा और श्रद्धा का उल्लेख

प्रधानमंत्री ने कहा कि जल्द ही नवरात्र पर्व आने वाला है। बिहार और पूर्वांचल में नवदुर्गा पूजा के साथ-साथ सतबहिनी पूजा की भी परंपरा है, जो यहां की संस्कृति और मां के प्रति सम्मान को दर्शाती है।

विपक्ष पर साधा निशाना

पीएम मोदी ने हाल ही में हुए एक विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार में विपक्षी दलों के मंच से उनकी मां के खिलाफ अपमानजनक शब्द कहे गए। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ उनकी मां का ही नहीं बल्कि देश की हर मां-बहन-बेटी का अपमान है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि उनकी मां, जिनका अब इस दुनिया से जाना हो चुका है, ने हमेशा उन्हें देशसेवा के लिए प्रेरित किया। ऐसे में उनकी मां को राजनीति में घसीटना बेहद दुखद है।

“पूरे मन से किया देश की सेवा”

प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने हर पल देश के लिए पूरी मेहनत और समर्पण के साथ कार्य किया है। अपनी मां के आशीर्वाद और देशवासियों के समर्थन से ही वे यह सेवा कर पा रहे हैं।

admin

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *