Manipur President Rule Revoke: केंद्र सरकार ने बुधवार को मणिपुर से राष्ट्रपति शासन हटाने का फैसला लिया है। इसके साथ ही राज्य में एक बार फिर चुनी हुई सरकार बनने की प्रक्रिया पूरी हो गई है। बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए ने सरकार बनाने का दावा पेश किया है और युमनाम खेमचंद सिंह आज मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह बुधवार शाम 6 बजे लोक भवन में आयोजित किया जाएगा। इससे पहले युमनाम खेमचंद सिंह ने राज्यपाल अजय भल्ला से मुलाकात कर सरकार गठन का औपचारिक दावा पेश किया। बीजेपी विधायक दल की बैठक में उन्हें सर्वसम्मति से नेता चुना गया था।
गुर्जर से शादी…सांसद Iqra Hasan पर संत का विवाद बयान, मचा हंगामा
इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना में बताया गया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संविधान के अनुच्छेद 356 के तहत 13 फरवरी 2025 को मणिपुर में लागू राष्ट्रपति शासन को 4 फरवरी 2026 से समाप्त करने की स्वीकृति दे दी है। इसके बाद राज्य में संवैधानिक प्रक्रिया के तहत नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया।
गौरतलब है कि मणिपुर में पिछले वर्ष फरवरी 2025 में राष्ट्रपति शासन लगाया गया था। तत्कालीन मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद राज्य राजनीतिक अस्थिरता और लंबे समय से चल रही जातीय हिंसा की चपेट में था। हालात को देखते हुए केंद्र सरकार ने राज्य की बागडोर अपने हाथ में ली थी। अब युमनाम खेमचंद सिंह के नेतृत्व में नई एनडीए सरकार के गठन से मणिपुर में स्थिरता और विकास की दिशा में नई शुरुआत की उम्मीद जताई जा रही है।
