Macron India Visit: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों तीन दिवसीय भारत यात्रा पर पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया के माध्यम से उनका गर्मजोशी से स्वागत करते हुए कहा कि यह दौरा भारत-फ्रांस संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का अवसर बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग और मजबूत होगा। राष्ट्रपति मैक्रों के साथ प्रथम महिला ब्रिजिट मैक्रों भी भारत आई हैं। मुंबई पहुंचने पर उनका स्वागत महाराष्ट्र के राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किया। अपनी यात्रा के दौरान मैक्रों मुंबई और नई दिल्ली में कई उच्चस्तरीय कार्यक्रमों और बैठकों में हिस्सा लेंगे।

एआई और नवाचार पर फोकस:-

इस दौरे का एक अहम पड़ाव इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट है, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों संयुक्त रूप से भाग लेंगे। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल गवर्नेंस, साइबर सुरक्षा और उभरती तकनीकों में सहयोग को आगे बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा। इसके अलावा भारत-फ्रांस नवाचार फोरम के तहत स्टार्ट-अप, उच्च शिक्षा, अनुसंधान और तकनीकी साझेदारी पर ठोस पहल की उम्मीद है।

रक्षा सहयोग रहेगा प्रमुख मुद्दा:-

मैक्रों की यात्रा के दौरान रक्षा क्षेत्र में एक बड़े समझौते पर भी नजरें टिकी हैं। 114 राफेल लड़ाकू विमानों से जुड़े संभावित मेगा रक्षा सौदे को रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके साथ ही कर्नाटक के वेमगल में टाटा एयरबस की हेलिकॉप्टर असेंबली लाइन के उद्घाटन कार्यक्रम में भी दोनों नेता शामिल हो सकते हैं।

व्यापक रणनीतिक वार्ता:-

प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों के बीच होने वाली द्विपक्षीय वार्ता में रक्षा, अंतरिक्ष, परमाणु ऊर्जा, हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा, संयुक्त सैन्य अभ्यास और वैश्विक भू-राजनीतिक हालात जैसे मुद्दे प्रमुख रहेंगे। पिछले कुछ वर्षों में भारत और फ्रांस के संबंधों ने रणनीतिक साझेदारी से आगे बढ़कर व्यापक वैश्विक सहयोग का रूप ले लिया है। माना जा रहा है कि यह दौरा दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत आधार प्रदान करेगा।

admin

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *