सोनभद्र: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। म्योरपुर थाना क्षेत्र के किरवानी गांव के जंगल में सफेद मिट्टी निकालते समय अचानक मिट्टी का टीला ढह गया, जिससे कई लोग मलबे में दब गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, ग्रामीण इलाकों में सफेद मिट्टी का उपयोग घरेलू कार्यों में किया जाता है। इसी मिट्टी को लेने के लिए कुछ महिलाएं और बच्चे जंगल में गए थे। बताया जा रहा है कि मिट्टी निकालते समय अंदर की ओर सुरंगनुमा खुदाई कर दी गई थी। इसी दौरान ऊपर से मिट्टी का ढीहा भरभराकर गिर पड़ा और नीचे काम कर रहीं महिलाएं उसकी चपेट में आ गईं। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत कार्य शुरू किया। बाद में जेसीबी मशीन की मदद से मलबा हटाया गया। काफी मशक्कत के बाद तीन महिलाओं को बाहर निकाला गया, लेकिन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान सदिकुनिषा (35), अमीषा खातून (35) और सीता (30) के रूप में हुई है। वहीं फूलकुमारी नाम की एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल बताई जा रही है, जिनका उपचार जारी है। आशंका है कि मलबे में अन्य लोगों के दबे होने की संभावना को देखते हुए खोजबीन जारी है। प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना सुरक्षा इंतजाम के मिट्टी की गहराई तक खुदाई किए जाने से यह दुर्घटना हुई। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है तथा प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

admin

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *