मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज क्षेत्र के जैती खेड़ा स्थित क्षेत्रीय मुख्यालय में मंगलवार को भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) का 18वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों, जवानों और आमंत्रित अतिथियों की उपस्थिति रही।

समारोह के मुख्य अतिथि उप महानिरीक्षक आर.एस. चंदेल ने परेड की सलामी ली और बल के अधिकारियों व कर्मचारियों को स्थापना दिवस की बधाई दी। इस अवसर पर आयोजित परेड में जवानों ने अनुशासन, एकरूपता और समर्पण का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसकी मुख्य अतिथि ने सराहना की।

अपने संबोधन में उप महानिरीक्षक ने कहा कि आईटीबीपी वर्तमान समय में आंतरिक सुरक्षा, वीआईपी सुरक्षा और अन्य महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रहा है। उन्होंने कहा कि बदलती परिस्थितियों के साथ सुरक्षा चुनौतियां भी बढ़ रही हैं, इसलिए बल को तकनीकी रूप से सक्षम और अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम के दौरान बल के इतिहास और विकास पर भी प्रकाश डाला गया। बताया गया कि क्षेत्रीय मुख्यालय की स्थापना वर्ष 2008 में की गई थी, जो बाद में लखनऊ में स्थानांतरित हुआ और वर्तमान में सरोजनी नगर क्षेत्र में संचालित हो रहा है। इस मुख्यालय के अंतर्गत कई वाहिनियां विभिन्न सुरक्षा दायित्वों को संभाल रही हैं।

समारोह के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और जवानों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया।

admin

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *