
जानकारी के अनुसार विद्यालय के प्रधानाध्यापक शंभू दयाल ने संबंधित शिक्षक मनोज किशोर सिंह के खिलाफ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को शिकायत भेजी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि शिक्षक द्वारा विद्यालय के रसोइयों के साथ अपमानजनक व्यवहार किया जाता था और प्रधानाध्यापक के साथ भी अनुचित भाषा का प्रयोग किया जाता था। साथ ही यह भी आरोप था कि वह शिक्षण कार्य में रुचि न लेकर अन्य गतिविधियों में समय व्यतीत करते थे।
मामले में एक अन्य शिकायत भी सामने आई, जिसमें दिव्यांग शिक्षा मित्र अशोक कुमार के साथ कथित अभद्रता का जिक्र किया गया था। इस संबंध में नगराम थाने में भी शिकायत दर्ज कराई गई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विपिन कुमार ने जांच के लिए दो खंड शिक्षा अधिकारियों की टीम गठित की। जांच के दौरान शिकायतों में लगाए गए आरोपों की पुष्टि हुई।
जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने शिक्षक मनोज किशोर सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें पूर्व माध्यमिक विद्यालय नवी नगर, मोहनलालगंज से संबद्ध किया गया है। विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई भी जारी है।
