मोहनलालगंज, लखनऊ। पवित्र अमरनाथ यात्रा को लेकर मोहनलालगंज में शुक्रवार सुबह श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत माहौल देखने को मिला। “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के गगनभेदी जयघोष के बीच करीब 60 शिवभक्तों का जत्था बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए रवाना हुआ। पूरे कस्बे में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
अमरनाथ सेवा दल, मोहनलालगंज के प्रमुख सेवादार शिव प्रकाश गुप्ता (बेटू) अगुआई में निकले इस जत्थे में राघवेंद्र दीक्षित, अमरीश श्रीवास्तव, विनीत मिश्रा, अक्षय मिश्रा, हर्ष चौरसिया, वंश वर्मा, ज्ञानेंद्र विक्रम सिंह, विशाल शर्मा, घनश्याम शर्मा सहित कई श्रद्धालु शामिल रहे। सभी यात्रियों में बाबा अमरनाथ के पवित्र हिम शिवलिंग के दर्शन को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया।
यात्रा प्रारंभ करने से पहले सभी श्रद्धालु कस्बे के प्राचीन श्री काशीश्वर महादेव मंदिर पहुंचे, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने सुखद, सुरक्षित और सफल यात्रा की कामना करते हुए भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूजा के उपरांत प्रसाद वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर व्यापार मंडल अध्यक्ष एवं चेयरमैन प्रतिनिधि डॉ. अजय पाण्डेय ‘सत्यम’ तथा अभिषेक शुक्ला ने सभी श्रद्धालुओं का माला और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया तथा उनकी मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अमरनाथ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि धैर्य, विश्वास और सेवा भावना का भी संदेश देती है।
मंदिर परिसर में लगातार “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयकारे गूंजते रहे, जिससे पूरा वातावरण शिवमय हो गया। पूजा-अर्चना के बाद डॉ. अजय पाण्डेय ‘सत्यम’ ने नारियल फोड़कर बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। श्रद्धालुओं का जत्था पहले कानपुर पहुंचेगा, जहां से रेलमार्ग के जरिए जम्मू जाएगा। इसके बाद सभी श्रद्धालु बाबा बर्फानी के पवित्र धाम की कठिन पर्वतीय यात्रा पूरी कर हिम शिवलिंग के दर्शन करेंगे।
श्रद्धालुओं की विदाई के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने उपस्थित होकर उनके सुरक्षित एवं सफल दर्शन की कामना की और पूरे मार्ग में भगवान भोलेनाथ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
