लखनऊ। सरोजनीनगर तहसील में नव नियुक्त उपजिलाधिकारी अभिषेक कुमार सिंह ने अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। तहसील पहुंचने पर तहसीलदार सुखवीर सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
अभिषेक कुमार सिंह इससे पहले प्रयागराज सदर में उपजिलाधिकारी के पद पर कार्यरत थे। वर्ष 2021 बैच के अधिकारी रहे अभिषेक कुमार सिंह प्रशासनिक कार्यशैली और जनसंपर्क के लिए जाने जाते हैं।
कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने तहसील के अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा तहसील की प्रशासनिक व्यवस्था और लंबित कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान तहसीलदार सुखवीर सिंह ने उन्हें राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों से जुड़े विभिन्न विषयों की विस्तृत जानकारी दी।
नव नियुक्त उपजिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित कर जनहित से जुड़े मामलों का समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उनके कार्यभार ग्रहण करने के बाद तहसील प्रशासन में नई ऊर्जा और बेहतर कार्यप्रणाली की उम्मीद जताई जा रही है।
