मोहनलालगंज, लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पार्टी नेतृत्व ने सपा नेता मनोज कुमार पाल को रायबरेली, लखनऊ, बाराबंकी और सीतापुर की विधानसभा क्षेत्रों में संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान की जिम्मेदारी सौंपी है।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव तथा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल के निर्देश पर जारी पत्र के माध्यम से मनोज कुमार पाल को संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें लगातार क्षेत्र भ्रमण कर पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित करने के साथ ही आम लोगों के बीच पहुंचकर संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई है।

पार्टी की कार्ययोजना के तहत मनोज कुमार पाल विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में चौपाल, कैडर पंचायत और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित कर कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय लोगों से संवाद करेंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों की जानकारी जनता तक पहुंचाने के साथ ही सपा सरकार के कार्यकाल में किए गए विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों को भी लोगों के बीच रखने का प्रयास किया जाएगा।

उन्हें पुराने एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करने, स्थानीय स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। चार जनपदों की विधानसभा सीटों की जिम्मेदारी मिलने को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

जिम्मेदारी मिलने के बाद मनोज कुमार पाल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसे पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सहयोग से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को समाजवादी पार्टी की नीतियों से जोड़ने के लिए लगातार काम किया जाएगा।

पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी मनोज कुमार पाल को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी और उम्मीद जताई कि उनके प्रयासों से चारों जनपदों में संगठनात्मक गतिविधियों को नई मजबूती मिलेगी।

admin

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *