मोहनलालगंज, लखनऊ। गुजरात के वड़नगर से वाराणसी तक निकाली गई ‘सेवा संकल्प’ यात्रा का रविवार को मोहनलालगंज में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। यात्रा में शामिल युवाओं से उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने संवाद किया और उन्हें पटका पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने पौधारोपण किया और बाइक चलाकर युवाओं का उत्साह भी बढ़ाया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मस्थली वड़नगर से शुरू हुई यह यात्रा वाराणसी तक जा रही है। आयोजकों के मुताबिक अभियान का उद्देश्य सेवा, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्रनिर्माण के संदेश को युवाओं तक पहुंचाना है। यात्रा के मोहनलालगंज पहुंचने पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में बृजेश पाठक ने कहा कि देश के विकास में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने यात्रा में शामिल युवाओं का स्वागत करते हुए कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सामाजिक सेवा, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण जैसे कार्यों से जोड़ा जाना चाहिए।

उपमुख्यमंत्री ने युवाओं से अपने आसपास की समस्याओं को समझने और उनके समाधान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य और जरूरतमंद लोगों की सहायता जैसे क्षेत्रों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
इस दौरान डिप्टी सीएम ने यात्रा में शामिल युवाओं के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद उन्होंने स्वयं बाइक चलाकर यात्रा में हिस्सा लिया, जिससे कार्यक्रम में मौजूद युवाओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया।
कार्यक्रम में भाजयुमो गुजरात के प्रदेश उपाध्यक्ष कुलदीप बरोट, दिव्या पाल सिंह सोलंकी, प्रदीप भाई देसाई, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सोनू वाल्मीकि, ब्लॉक प्रमुख ओम प्रकाश शुक्ला, जिला महामंत्री धीरू पांडेय, पूर्व विधायक चंद्र रावत, प्रदेश महामंत्री अनुसूचित मोर्चा पुष्पेंद्र पासी, जिला मंत्री मुकेश शर्मा, पूर्व प्रधान सुरेंद्र दीक्षित, पूर्व ब्लॉक प्रमुख नितिन जायसवाल और निगोहां प्रधान अभय दीक्षित समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
