लखनऊ। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अवध प्रांत) के लखनऊ पश्चिम की ओर से राजेंद्र नगर स्थित नवयुग कन्या महाविद्यालय में ‘क्षितिजा: आंगन से अंतरिक्ष तक’ युवती सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को भारतीय संस्कारों, महिला अधिकारों, आत्मविश्वास और साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती और स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई। महाविद्यालय की प्राचार्या एवं अभाविप प्रांत उपाध्यक्ष प्रो. मंजुला उपाध्याय ने सम्मेलन की रूपरेखा रखते हुए युवाओं को सकारात्मक विचारों के साथ राष्ट्र निर्माण में भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

लखनऊ महानगर छात्रा प्रमुख डॉ. प्रतिमा घोष ने ‘पंच परिवर्तन’ के तहत स्वदेशी, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता और नागरिक कर्तव्य को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।

मुख्य वक्ता और खेलो भारत अवध प्रांत की प्रांत प्रमुख प्रो. सीमा पांडेय ने परंपरा, आधुनिकता और साइबर जागरूकता पर छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने महिला वैज्ञानिकों और खिलाड़ियों के उदाहरण देते हुए छात्राओं को अपनी संस्कृति और मूल्यों के साथ आधुनिक तकनीक का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने की बात कही।

उन्होंने एआई डीपफेक, वॉइस क्लोनिंग, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी नौकरी के प्रस्ताव और पब्लिक चार्जिंग के दौरान होने वाले साइबर जोखिमों के प्रति छात्राओं को सावधान किया। साइबर अपराध की स्थिति में हेल्पलाइन 1930, साइबर क्राइम पोर्टल तथा महिला हेल्पलाइन 1090 और 181 की जानकारी भी दी गई। इसके साथ ही मोबाइल के अत्यधिक इस्तेमाल से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचने और खेलकूद को दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया गया।

मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्या ने छात्राओं को महिला अधिकारों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने भारतीय न्याय संहिता में महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों का उल्लेख करते हुए छात्राओं से किसी भी तरह के अन्याय के खिलाफ जागरूक और निडर रहने की अपील की।

जिला प्रमुख डॉ. शालिनी साहनी ने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने और नेतृत्व की भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के अंत में महानगर मंत्री सुश्री सरिता पांडेय ने सभी अतिथियों, शिक्षिकाओं और छात्राओं का आभार व्यक्त किया।

आयोजन को सफल बनाने में जिला छात्रा प्रमुख काजल अवस्थी, नवीन आजाद दुबे समेत अभाविप कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा। महाविद्यालय की शिक्षिकाओं और छात्राओं द्वारा सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ गान के साथ सम्मेलन का समापन हुआ।

admin

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *