हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में शनिवार दोपहर कार और बाइक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। धनौरी गांव के पास हुए इस हादसे में बाइक सवार चाचा और भतीजे की जान चली गई, जबकि कार में सवार पांच लोग घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, मुस्करा थाना क्षेत्र के उपरहंका गांव स्थित श्रीरामपुर डेरा निवासी अरविंद कुमार (22) अपने चाचा सर्वेश कुमार (26) को बाइक पर बैठाकर भुजपुरा कुनेहटा गांव में रहने वाली अपनी बहन के घर जा रहे थे। इसी दौरान हमीरपुर मार्ग पर धनौरी गांव की पौधशाला के पास उनकी बाइक सामने से आ रही अर्टिगा कार से टकरा गई। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

कार सवार पांच लोग घायल

दुर्घटना में कार में सवार छतरपुर की कमला कॉलोनी निवासी मालती परिहार (58), उनके बेटे अर्पित परिहार (28), गौरव सिंह (28), हरिसिंह (38) और कार चालक वीरसिंह (23) घायल हो गए। चालक फतेहपुर जिले के सिजौली गांव का निवासी बताया गया है।

सूचना मिलने पर पहुंची 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने अर्पित और गौरव की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज उरई भेज दिया। घायल मालती परिहार के मुताबिक, उनका परिवार छतरपुर से फतेहपुर जा रहा था।

खेती और मजदूरी कर परिवार का सहारा बनते थे दोनों

परिजनों के अनुसार, अरविंद और सर्वेश दोनों अविवाहित थे। वे खेती-किसानी और मजदूरी करके परिवार की आर्थिक मदद करते थे। एक ही हादसे में चाचा-भतीजे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

कोतवाल अनूप सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शिकायत मिलने के बाद मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

admin

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *