मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के शंकरखेड़ा कुटी मजरा गौरा गांव में एक महिला के साथ कथित गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता ने गांव के ही चार लोगों पर अभद्रता, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, गांव निवासी मंजू पत्नी पप्पू रावत ने अपनी शिकायत में बताया कि बीते बुधवार रात करीब आठ बजे संदीप, संजय, अन्नू और रामआसरे ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। साथ ही अन्नू और रामआसरे पर भी मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
महिला की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संदीप पुत्र रामआसरे, संजय पुत्र रामआसरे, अन्नू पुत्री रामआसरे और रामआसरे पुत्र खुशीराम, सभी निवासी शंकरखेड़ा कुटी मजरा गौरा, के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
मोहनलालगंज इंस्पेक्टर राम बाबू सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
