लखनऊ: उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव 2022 में भारतीय जनता पार्टी की शानदार जीत हुई है. ऐसा 37 साल में पहली बार हुआ है, जब किसी सत्ताधारी दल को सूबे की जनता ने दोबारा राज्य की कमान सौंपी है. लेकिन इस चुनाव में इस बार कुछ ऐसे भी नतीजे आए, जो चौंकाने वाले थे. उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य समेत राज्य के 10 मंत्रियों को इस बार करारी हार का सामना करना पड़ा. सिराथू में केपी मौर्य को हराने वालीं सपा प्लस से अपना दल (के) की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. पल्लवी पटेल बनीं.

सुरेश राणा पराजित
डिप्टी सीएम केपी मौर्य के अलावा गन्ना मंत्री सुरेश राणा शामली के थानाभवन से हार गए. यहां से सपा गठबंधन से रालोद प्रत्याशी अशरफ अली खान की जीत हुई. उन्होंने सुरेश राणा को 10 हजार से ज्यादा वोटों से हराया.

बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश चंद्र द्विवेदी
विस के पूर्व अध्यक्ष और सपा के उम्मीदवार माता प्रसाद पांडेय ने सिद्धार्थनगर के इटवा पर बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश चंद्र द्विवेदी को महज 1662 वोटों के अंतर से पराजित कर दिया है.

छत्रपाल सिंह की हार
बरेली की बहेड़ी विधान सभा सीट पर राज्‍य मंत्री छत्रपाल सिंह गंगवार की हार हुई. सपा के के अताउर्रहमान ने उन्हें 3,355 वोटों से शिकस्त दी.

ग्राम्‍य विकास मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह की हार
मौजूदा सरकार में ग्राम्‍य विकास मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह प्रतापगढ़ की पट्टी सीट से हार गए. वहीं, सपा के राम सिंह ने 22,051 मतों के अंतर से जीत हासिल की.

राज्य मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय हारे
यूपी की चित्रकूट सीट पर भी सपा ने जीत हासिल की और चंद्रिका उपाध्याय 20,876 वोट से हार गए.

राज्‍य मंत्री आनन्‍द स्‍वरूप शुक्‍ला
वहीं, राज्‍य मंत्री आनंद स्‍वरूप शुक्‍ला को बलिया की बैरिया सीट पर सपा के जयप्रकाश अंचल ने हराया. आनन्‍द स्‍वरूप पिछली बार बलिया से जीते थे. इस बार उन्हें मौजूदा विधायक सुरेंद्र सिंह का टिकट काटकर बैरिया का टिकट दिया गया था और बलिया में दयाशंकर सिंह को उम्मीदवार बनाया गया.

खेल मंत्री उपेंद्र तिवारी
बलिया की फेफना सीट पर खेल मंत्री उपेंद्र तिवारी उतरे थे, जिन्हें सपा के संग्राम सिंह ने 19,354 मतों से पराजित किया.

रणवेन्द्र सिंह धुन्नी
सपा की उषा मौर्य ने फतेहपुर की हुसैनगंज सीट पर राज्‍य सरकार में मंत्री रणवेन्द्र सिंह धुन्नी को पराजित किया. दोनों के बीच 25,181 मतों का अंतर रहा.

राज्‍य मंत्री लाखन सिंह
इसके अलावा, औरैया की दिबियापुर से सपा के प्रदीप यादव ने मात्र 473 वोटों से लाखन सिंह को हरा दिया.

admin

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest Post