UP: बहराइच में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहाँ एक नायब तहसीलदार की गाड़ी ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। उसकी हैवानियत यही नहीं रुकी बल्कि घटना के बाद गाड़ी रोकने के बजाए कार को और तेज़ भगाने लगा। करीब 30 मिनट तक वह शव को घसीटता रहा जिससे पूरी लाश के चीथड़े उड़ गए और रास्ते भर बिखर गए। घटना के बाद लाश देखने वालों के होश उड़ गए। मृतक को पहचानना भी मुश्किल है।

क्या है पूरा मामला: सूत्रों से मिली जानकारी के मुतबिक बृहस्पतिवार को रामगांव थाना क्षेत्र में चौपाल सागर के पास बहराइच-नानपारा मार्ग पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में मूल रूप से पयागपुर थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर कॉलोनी निवासी नरेंद्र कुमार हालदार (35) की मौत हो गई। दरअसल नरेंद्र कुमार अपनी भांजी प्रियंका को छोड़ने उसके घर लखीमपुर खीरी के गोला गए थे। बाइक से वापस लौटते समय चौपाल सागर के पास नायब तहसीलदार के वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद नरेंद्र वाहन में फंस गए लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाये स्पीड बढ़ा दी और चौपाल सागर से नानपारा तक लगभग 30 कम तक कार में फसे शव को घसीटता रहा। पूरे शरीर के चीथड़े उड़ गए। गाड़ी रुकने के बाद मृतक का क्षत विक्षत शव नानपारा तहसील परिसर में गिरा। घटना के बाद लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर कोतवाली नानपारा की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना का संज्ञान लिया। जानकारी के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

परिजनों में मचा हाहाकार: घटना से परिजनों में शोक का माहौल है। हादसे से सूचना मिलते ही मृतक के पिता राधेश्याम, पत्नी शोभरानी रोते बिलखते तहसील पहुंचे। बताया जा रहा है की उनका एक 12 साल का बेटा, एक आठ साल का बेटा और एक बेटी है। उनके सिर से पिता का साया उठ गया है। पिता राधेश्याम ने वीभत्स हादसे के आरोपियों पर सख्त कार्यवाही की मांग की है। घटना के समय नायब तहसीलदार के गाड़ी में सवार होने की बात कही जा रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
पुलिस की प्रतिक्रिया: थाना प्रभारी आलोक सिंह के मुताबिक हादसे से समय वह पेट्रोलिंग पर थे। उस वक्त नायब तहसीलदार वाहन में बैठे थे कि नहीं, इसकी पुष्टि नहीं है। वहीं एसपी वृंदा शुक्ला ने कहा कि हादसा वीभत्स था। मामले की जांच सीसीटीवी फुटेज से की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाई होगी।
