UP: प्रतापगढ़ जिले की कुंडा सीट से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। उनकी पत्नी भानवी कुमारी सिंह ने दिल्ली के सफदरजंग एनक्लेव थाने में उनके खिलाफ मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। बताया जा रहा है कि भानवी सिंह लंबे समय से अपने पति से अलग रह रही हैं और अब उन्होंने राजा भैया के खिलाफ धारा 498A के तहत मुकदमा दर्ज करवाया है।

पत्नी ने लगाए शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना के आरोप:-
भानवी सिंह ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद से ही उनके पति उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे थे। उन्होंने दावा किया कि उनके पति राजा भैया एक प्रभावशाली व्यक्ति हैं और अवध क्षेत्र की भद्री एस्टेट से ताल्लुक रखते हैं। उनके अनुसार, शादी के बाद राजा भैया ज़्यादातर लखनऊ में रहते थे, जबकि वह अकेले कुंडा स्थित बैती कोठी में रह रही थीं।

इसके अलावा, उन्होंने अपनी सास पर भी वैवाहिक जीवन में दखल देने का आरोप लगाया। भानवी सिंह ने कहा कि 30 साल की शादी में उन्हें कई बार प्रताड़ना सहनी पड़ी, उनके पति ने उन पर शारीरिक हमला किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें भी आईं। अब उन्हें अपने जीवन को लेकर खतरा महसूस हो रहा है, इसलिए उन्होंने सुरक्षा की मांग की है।

पहले भी हो चुकी है शिकायत:-
भानवी सिंह ने बताया कि इससे पहले भी उन्होंने राष्ट्रीय महिला आयोग और दिल्ली विधिक सेवा प्राधिकरण में शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि, परिवार में शांति बनाए रखने के लिए उन्होंने उस समय अपनी शिकायत को आगे नहीं बढ़ाया था। लेकिन अब उन्होंने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।

राजा भैया की प्रतिक्रिया:-
इस पूरे मामले पर राजा भैया की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। हिंदी समाचार पत्र दैनिक जागरण के अनुसार, राजा भैया ने एफआईआर को लेकर सीधे तौर पर कोई टिप्पणी नहीं की, लेकिन उन्होंने कहा कि अभी तक उन्हें इस मामले की पूरी जानकारी नहीं मिली है। वह अपनी बात अदालत में रखेंगे। इस बीच, राजा भैया के करीबी एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह गोपालजी ने भानवी सिंह पर ही गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भानवी सिंह संपत्ति के लालच में अपने माता-पिता के साथ भी दुर्व्यवहार कर चुकी हैं।

admin

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *