Weather: उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। हालिया बारिश और ओलावृष्टि के बाद प्रदेश के कई हिस्सों में ठंड का असर तेज हो गया है। शनिवार सुबह से ही लखनऊ, कानपुर, आगरा, बरेली, गाजियाबाद समेत अनेक जिलों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। कई इलाकों में विजिबिलिटी बेहद कम, कहीं-कहीं 10 मीटर तक दर्ज की गई। बर्फीली हवाओं के चलते तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिली है। सुबह और शाम के समय गलन बढ़ गई है।

सड़कों पर सन्नाटा, अलाव का सहारा:-

ठंड और कोहरे के कारण सड़कों पर आम दिनों की तुलना में कम आवाजाही नजर आई। बाहर निकलने वाले लोगों के हाथ-पैर सुन्न होते दिखे। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे है।

कोहरे का असर 31 जनवरी तक:-

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिकों के अनुसार, 31 जनवरी तक कोहरे की स्थिति और गंभीर हो सकती है। कुछ जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है, जिससे यातायात प्रभावित हो सकता है।

फरवरी की शुरुआत में फिर बदलेगा मौसम:-

मौसम विभाग के अनुसार, फरवरी के पहले सप्ताह में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके असर से 1 से 3 फरवरी के बीच प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तापमान में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है और कोहरे से कुछ राहत मिलने के आसार हैं। हालांकि, 4 फरवरी के बाद तापमान में फिर हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

तापमान का हाल:-

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में तापमान में अंतर देखने को मिला। बुलंदशहर में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आगरा अधिकतम तापमान 21.9 डिग्री के साथ अपेक्षाकृत गर्म रहा। राजधानी लखनऊ में दिन और रात के तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, एक फरवरी से सक्रिय होने वाला नया विक्षोभ तापमान और कोहरे की स्थिति को प्रभावित करेगा। दो फरवरी को लखनऊ और आसपास के इलाकों में हल्की बूंदाबांदी के भी आसार हैं।

इन जिलों में घने कोहरे का अलर्ट:-

मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, कन्नौज, कानपुर नगर व देहात, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं शामिल हैं।

admin

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *