UGC रेगुलेशन: लखनऊ में शनिवार को यूजीसी रेगुलेशन के विरोध में सवर्ण मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी अचानक सड़कों पर उतर आए और हाथों में तख्तियां व तिरंगा लेकर नारेबाजी करने लगे। इससे शहर के प्रमुख इलाकों में कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।

प्रदर्शनकारी परिवर्तन चौक से गांधी प्रतिमा की ओर मार्च कर रहे थे। प्रशासन को पहले से इसकी जानकारी मिलने पर केडी सिंह बाबू स्टेडियम के पास भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर आगे बढ़ने से रोका तो प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। कुछ लोग बैरिकेडिंग पर चढ़ गए, जिसके बाद हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को सख्ती बरतनी पड़ी। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। उन्हें बसों में बैठाकर ईको गार्डन भेजा गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई की गई।

प्रदर्शन के चलते आसपास की सड़कों पर लंबा जाम लग गया, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यातायात पुलिस को ट्रैफिक डायवर्ट करना पड़ा। सवर्ण मोर्चा के पदाधिकारियों का आरोप है कि उनकी मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है, इसलिए उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा। वहीं प्रशासन का कहना है कि शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन कानून व्यवस्था भंग करने की अनुमति नहीं दी जा सकती। फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है, हालांकि पुलिस एहतियातन इलाके में तैनात है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

admin

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *