Weather: उत्तर प्रदेश में मार्च की शुरुआत के साथ ही मौसम ने करवट ले ली है। महीने के पहले ही सप्ताह में तेज धूप और बढ़ते तापमान ने गर्मी का एहसास कराना शुरू कर दिया है। दिन के समय धूप की तीव्रता बढ़ने से लोगों को दोपहर में बाहर निकलने में परेशानी होने लगी है।

पछुआ हवाओं से बढ़ी शुष्कता

सोमवार को राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में लगभग 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवाएं चलीं। स्थानीय तौर पर इसे ‘फगुनहट’ कहा जाता है। इन शुष्क हवाओं ने रात के तापमान को कुछ हद तक संतुलित रखा, लेकिन दिन के समय तपिश बढ़ा दी। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में हवा की रफ्तार 35 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

कई जिलों में 34 डिग्री के पार तापमान

प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र में गर्मी का असर अधिक देखने को मिला। बांदा और हमीरपुर जैसे जिलों में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। राजधानी लखनऊ में भी पारा 32 डिग्री के पार पहुंच गया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले सप्ताह तक अधिकतम तापमान में करीब तीन डिग्री तक की और वृद्धि संभव है, जिससे गर्मी और तीखी महसूस होगी। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अब दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी धीरे-धीरे बढ़ेगा। हाल के आंकड़ों के मुताबिक अधिकतम तापमान में लगभग एक डिग्री और न्यूनतम तापमान में भी करीब एक डिग्री से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

आगे कैसा रहेगा मौसम?

विशेषज्ञों के अनुसार फिलहाल किसी बड़े पश्चिमी विक्षोभ या वर्षा के संकेत नहीं हैं। यदि हवाएं धीमी पड़ती हैं तो गर्मी का असर और अधिक महसूस हो सकता है। होली के आसपास तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना जताई जा रही है। तेज धूप और शुष्क हवाओं के चलते लोगों को दोपहर में बाहर निकलते समय सावधानी बरतने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।

admin

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *