UP Weather: उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से चल रही ठंडी हवाओं और बारिश के बाद अब तापमान बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ते ही प्रदेश में गर्मी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगेगा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले तीन दिनों के दौरान दिन और रात दोनों के तापमान में इजाफा देखने को मिलेगा। कई जिलों में अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इससे लोगों को ठंड से राहत तो मिलेगी, लेकिन दोपहर में गर्मी का एहसास बढ़ेगा।
हाल के मौसम का असर
बीते दिनों पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई। कुछ पश्चिमी जिलों में ओलावृष्टि भी हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई थी। हालांकि अब यह सिस्टम कमजोर पड़ चुका है और मौसम साफ होने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक 19 मार्च के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके असर से फिर से कई इलाकों में बादल, बारिश और तेज हवाएं देखने को मिल सकती हैं। इससे तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
लखनऊ में बढ़ी धूप की तीव्रता
राजधानी लखनऊ में भी मौसम का असर साफ दिखने लगा है। दिन के समय धूप तेज हो रही है और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आने वाले दिनों में यहां भी गर्मी का असर धीरे-धीरे बढ़ेगा। मौसम के इस बदलते रुख के बीच लोगों को स्वास्थ्य का खास ध्यान रखने की सलाह दी गई है। सुबह-शाम हल्की ठंड और दिन में गर्मी के कारण सर्दी-जुकाम जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
