लखनऊ। दीपावली और छठ पर्व पर उत्तर प्रदेश के लोगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए योगी सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को त्योहारों के दौरान 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा कि त्योहार के समय अनावश्यक शटडाउन और बार-बार बिजली कटौती बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बकाया वसूली के नाम पर नहीं कटेंगे बिजली कनेक्शन

ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान बिजली बिल के बकाये की वसूली के नाम पर उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटकर उन्हें परेशान न किया जाए। हालांकि, उन्होंने बड़े और संगठित बिजली चोरी के मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने को कहा। साथ ही छोटे उपभोक्ताओं के साथ अनावश्यक सख्ती न बरतने की हिदायत दी।

लंबित कनेक्शन आवेदनों का जल्द होगा निस्तारण

मंत्री ने झटपट पोर्टल पर बिजली कनेक्शन के लिए लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। निरस्त किए गए आवेदनों की समीक्षा कर व्यवस्था में सुधार करने को भी कहा गया है।

उन्होंने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि नियमित रूप से बिजली बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को बकायेदारों के कारण ट्रिपिंग और बिजली कटौती की समस्या का सामना न करना पड़े। जिन क्षेत्रों में ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने की जरूरत है, वहां तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि त्योहारों के दौरान बिजली की बढ़ती मांग से आपूर्ति प्रभावित न हो।

नवंबर के बिजली बिल में राहत का दावा

ऊर्जा मंत्री ने नवंबर के बिजली बिलों में 9.70 प्रतिशत राहत मिलने की जानकारी देते हुए उपभोक्ताओं को बधाई दी। उनके अनुसार, घरेलू, व्यावसायिक और अन्य श्रेणियों के उपभोक्ताओं को लगातार पांचवें महीने इस राहत का लाभ मिलेगा।

नवसृजित नगर पंचायतों में भी सुधरेगी व्यवस्था

बैठक में नवसृजित नगर पंचायतों की बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया। मंत्री ने अधिकारियों से इन क्षेत्रों में भी मुख्यालयों की तर्ज पर निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने बताया कि जरूरत पड़ने पर नगर विकास विभाग की ओर से अतिरिक्त बजट उपलब्ध कराया जा सकता है।

बैठक में प्रमुख सचिव ऊर्जा रणवीर प्रसाद, यूपीपीसीएल के प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार, एमडी मयूर माहेश्वरी समेत विद्युत विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

त्योहारों पर उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए सरकार ने 24 घंटे बिजली आपूर्ति का लक्ष्य रखा है। अब देखना होगा कि विभागीय अधिकारी इन निर्देशों को जमीनी स्तर पर कितनी प्रभावी ढंग से लागू कर पाते हैं।

admin

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *