लखनऊ। आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में अखिल भारतीय सर्वजन हित पार्टी द्वारा शनिवार को राजधानी लखनऊ स्थित विठ्ठलेश्वरैया प्रेक्षागृह (राजभवन के निकट) में विराट कार्यकर्ता सम्मेलन एवं पदाधिकारी बैठक का आयोजन किया गया। सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे सैकड़ों कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और पार्टी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिए रणनीति तैयार की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित श्याम नारायण चौबे एवं वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रविंद नारायण सिंह ‘काशी सिंह’ ने की, जबकि प्रदेश अध्यक्ष दीपक पाण्डेय ने संगठनात्मक गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। सम्मेलन में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त करते हुए मिशन 2027 को सफल बनाने का संकल्प लिया।

सम्मेलन के दौरान संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने, युवाओं एवं महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की सफलता का आधार मजबूत संगठन होता है और इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक सक्रिय रहना होगा।
अपने संबोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. श्याम नारायण चौबे ने कहा कि अखिल भारतीय सर्वजन हित पार्टी समाज के सभी वर्गों के सम्मान, विकास और समान सहभागिता के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाकर उनके समाधान का प्रयास करना भी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क अभियान चलाने और आमजन की समस्याओं को पार्टी मंच तक पहुंचाने का आह्वान किया।
वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रविंद नारायण सिंह ‘काशी सिंह’ ने कहा कि संगठन की मजबूती ही राजनीतिक सफलता की कुंजी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सामाजिक समरसता बनाए रखते हुए पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और नए लोगों को संगठन से जोड़ने की अपील की।
प्रदेश अध्यक्ष दीपक पाण्डेय ने कहा कि प्रदेशभर में पार्टी का संगठन तेजी से विस्तार कर रहा है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में मजबूत संगठनात्मक ढांचा तैयार किया जाएगा। इसके लिए विशेष सदस्यता अभियान चलाने के साथ ही कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य जनता के बीच एक मजबूत और विश्वसनीय राजनीतिक विकल्प के रूप में स्थापित होना है।
बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पारित किए गए, जिनमें सदस्यता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने, नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने, जनसमस्याओं के समाधान के लिए विशेष प्रकोष्ठ गठित करने तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों को बढ़ावा देने पर सहमति बनी। पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से अनुशासन, समर्पण और सक्रिय जनसंपर्क के माध्यम से संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने एक स्वर में “मिशन 2027” को सफल बनाने का संकल्प लिया। सम्मेलन में मौजूद कार्यकर्ताओं के उत्साह, ऊर्जा और संगठनात्मक एकजुटता ने यह स्पष्ट संकेत दिया कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर पूरी तरह सक्रिय हो चुकी है। सम्मेलन ने कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने के साथ-साथ भविष्य की राजनीतिक गतिविधियों की स्पष्ट रूपरेखा भी प्रस्तुत की।
