लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने भी प्रदेश में अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में 15 जुलाई को लखनऊ में पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
पार्टी के अनुसार, बैठक का मुख्य उद्देश्य उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं के साथ आगामी रणनीति पर चर्चा करना और विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा करना है। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं सांसद अरुण भारती ने बताया कि पार्टी लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत सभी महत्वपूर्ण निर्णय सामूहिक चर्चा और सहमति से लेती है। उन्होंने कहा कि लखनऊ में आयोजित हो वरही इस बैठक में संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा।
अरुण भारती ने कहा कि जिस तरह पार्टी अन्य राज्यों में जनता से जुड़े मुद्दों पर काम कर रही है, उसी प्रकार उत्तर प्रदेश में भी संगठन को मजबूत करने और आम लोगों के हितों से जुड़े विषयों को प्रमुखता दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की राजनीति में विश्वास रखती है। पार्टी का लक्ष्य किसी एक समुदाय तक सीमित न रहकर सभी वर्गों के हितों की आवाज उठाना और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है।
साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल समाज को जातीय और सामाजिक आधार पर बांटकर राजनीति करते रहे हैं, जबकि उनकी पार्टी समावेशी विकास और सामाजिक एकता को प्राथमिकता देती है। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी चुनावों की रणनीति पर भी चर्चा होने की संभावना है।
