मोहनलालगंज, लखनऊ। क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और जनकल्याण की कामना को लेकर शुक्रवार को मऊ गांव स्थित प्राचीन ऐतिहासिक पूर्वी माता मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
दोपहर करीब तीन बजे शुरू हुए अनुष्ठान में विद्वान आचार्यों ने वैदिक मंत्रों के साथ पूजा संपन्न कराई और 33 कोटि देवताओं का आह्वान किया। श्रद्धालुओं ने पूर्वी माता के चरणों में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र और समाज में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

आयोजकों के अनुसार, पूर्वी माता मंदिर से जुड़ा यह धार्मिक आयोजन क्षेत्र की पुरानी आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं का हिस्सा है। आयोजन का उद्देश्य धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ नई पीढ़ी को क्षेत्र की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना भी है।
कार्यक्रम में शिवाय सेवा समिति के अध्यक्ष आशीष चतुर्वेदी, उपाध्यक्ष राहुल मिश्रा, सचिव रंजीत यादव, अखिलेश शुक्ला, मीडिया प्रभारी विनीत कुमार, विवेक गुप्ता, पंकज गुप्ता, अनुज गुप्ता, आयुष वैश्य, भोला यादव और गिरिजा गुप्ता सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
इसके अलावा नगर पंचायत क्षेत्र से पूर्व प्रधान दल्लू सिंह, प्रदीप गुप्ता, अरविंद कुमार मिश्रा, काका जी, नितुल शर्मा, दीपक और विवेक समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर विधिवत पूजन-अर्चन किया।
आयोजकों ने कार्यक्रम में शामिल श्रद्धालुओं का आभार जताया और पूर्वी माता से समस्त मानव समाज, जीव-जंतुओं, वनस्पतियों तथा प्रकृति के कल्याण की कामना की।
