मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज विधानसभा क्षेत्र के भट्ठी बरकत नगर गांव में सोमवार को समाजवादी पार्टी की ओर से PDA चौपाल और सदस्यता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय, शिक्षा, किसान, मजदूर, युवा और वंचित वर्गों से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम का आयोजन रमेश रावत ने किया, जबकि अध्यक्षता राम चंदर लोधी ने की। संचालन बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव संतोष रावत ने किया। इस दौरान सांसद आर.के. चौधरी, सपा जिलाध्यक्ष जय सिंह जयंत और पूर्व विधायक अम्ब्रीश सिंह पुष्कर की मौजूदगी में वाहिनी के नवनियुक्त पदाधिकारियों को मनोनयन पत्र वितरित किए गए।
सलमान कुरैशी को जिला महासचिव तथा त्रिभुवन रावत और संदीप शर्मा को जिला सचिव की जिम्मेदारी दी गई। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन के कार्यक्रमों और विचारों को गांव-गांव तक पहुंचाने की बात कही।

सांसद आर.के. चौधरी ने अपने संबोधन में शोषित, वंचित, गरीब, किसान, मजदूर और युवाओं से जुड़े अधिकारों के मुद्दे उठाए। उन्होंने संविधान और लोकतंत्र से जुड़े विषयों पर लोगों के बीच संवाद बढ़ाने तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की बात कही।
पूर्व विधायक अम्ब्रीश सिंह पुष्कर ने शिक्षा को सामाजिक विकास का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने सामाजिक और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों की समस्याओं को उठाने तथा संगठन में एकजुटता बनाए रखने पर जोर दिया।
चौपाल के दौरान कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों से संपर्क कर PDA अभियान और सदस्यता अभियान की जानकारी साझा की। कार्यक्रम में संविधान, सामाजिक न्याय और संगठन विस्तार से जुड़े विषयों पर ग्रामीणों के साथ संवाद किया गया।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष, सांसद प्रतिनिधि उमाशंकर वर्मा, जितेंद्र कुमार पटेल, अशर्फी लाल धीमान, बृजभान यादव, अजीत साहू, राम कुमार रावत, मोहन रावत, सतीश कुमार लोधी, अशोक कुमार साहू, ज्ञान चंद यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
