मोहनलालगंज, लखनऊ। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन मोहनलालगंज कस्बे के दुर्गा मंदिर में मिशन शक्ति टीम ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। लखनऊ दक्षिणी जोन के डीसीपी मो. मुश्ताक के निर्देशन में मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत पहुंची पुलिस टीम ने मंदिर परिसर में मौजूद महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, अधिकारों और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया। साथ ही किसी भी मुश्किल परिस्थिति में बिना संकोच सहायता लेने की अपील की।

जरूरत पड़ने पर हेल्पलाइन से लें मदद

पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और बच्चियों को विभिन्न आपातकालीन सेवाओं के संपर्क नंबरों की जानकारी दी। इनमें पुलिस सहायता के लिए 112, अग्निशमन सेवा के लिए 101, बच्चों की मदद के लिए 1098, एंबुलेंस सेवा के लिए 108 और गर्भवती महिलाओं व नवजात शिशुओं के लिए 102 शामिल हैं।

इसके अलावा वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के बारे में भी बताया गया। टीम ने कहा कि छेड़छाड़, उत्पीड़न या किसी अन्य समस्या का सामना करने पर संबंधित हेल्पलाइन अथवा पुलिस से संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।

महिला सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की दी जानकारी

जागरूकता अभियान के दौरान महिला हेल्प डेस्क, महिला सुरक्षा केंद्र, पिंक बूथ और पिंक स्कूटी जैसी सुविधाओं के बारे में भी समझाया गया। पुलिस टीम ने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और परेशानी की स्थिति में खुलकर अपनी बात रखने के लिए प्रेरित किया।

साइबर ठगी से बचने के बताए तरीके

कार्यक्रम में ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव पर भी जोर दिया गया। पुलिसकर्मियों ने अनजान फोन कॉल पर निजी जानकारी साझा नहीं करने, ओटीपी और बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी को नहीं देने तथा संदिग्ध लिंक से दूर रहने की सलाह दी।

साइबर ठगी का शिकार होने पर जल्द शिकायत दर्ज कराने के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी गई। इसके साथ ही यूपी कॉप एप के जरिए उपलब्ध पुलिस सेवाओं के बारे में बताया गया। मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं और बालिकाओं से डिजिटल माध्यमों का सतर्कता से इस्तेमाल करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील की।

admin

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *