नगराम, लखनऊ। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन रविवार को नगराम पुलिस ने मिशन शक्ति फेज 6.0 के अंतर्गत महिला सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मो. मुश्ताक के निर्देशन में थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह के नेतृत्व में ग्राम समेसी में पैदल मार्च किया गया। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान तथा उनके अधिकारों के बारे में जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने महिला सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं के बारे में बताते हुए महिला हेल्प डेस्क, पिंक बूथ, पिंक स्कूटी, महिला सुरक्षा केंद्र और यूपी कॉप एप की उपयोगिता समझाई। महिलाओं से अपील की गई कि छेड़छाड़, उत्पीड़न या किसी अन्य परेशानी का सामना करने पर संकोच न करें और समय रहते पुलिस की सहायता लें।

आपात स्थिति में मदद
पुलिस ने जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की। इनमें पुलिस आपातकालीन सेवा 112, वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि जरूरत पड़ने पर इन सेवाओं के माध्यम से संबंधित सहायता प्राप्त की जा सकती है।
साइबर ठगी से बचाव के बताए तरीके
बालिकाओं को ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने की सलाह दी गई। पुलिसकर्मियों ने किसी के साथ ओटीपी, बैंक खाते या अन्य गोपनीय वित्तीय जानकारी साझा नहीं करने की अपील की।
नगराम पुलिस ने कहा कि महिला सुरक्षा और जागरूकता के लिए ऐसे अभियान महत्वपूर्ण हैं। साथ ही महिलाओं और बच्चियों से किसी भी तरह की परेशानी होने पर चुप रहने के बजाय पुलिस या संबंधित हेल्पलाइन से संपर्क करने का आह्वान किया गया।
