निगोहां, लखनऊ। निगोहां कस्बे में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक बाल दशहरा मेले की तैयारियां पूरी हो गई हैं। मंगलवार को लगने वाले एक दिवसीय मेले में 52 फीट ऊंचे रावण का दहन किया जाएगा।
मेला प्रबंधक संजीव शुक्ला के मुताबिक, मंगलवार शाम चार बजे आल्हा गायन के साथ मेले का शुभारंभ होगा। शाम छह बजे रामलीला मंचन से पहले भगवान राम की महाआरती की जाएगी। इसमें डीसीपी दक्षिणी मु. मुश्ताक और एसीपी मोहनलालगंज आर.के. सिंह के शामिल होने का कार्यक्रम है।

रामलीला में दिखेगी आपसी भाईचारे की झलक
मेले में स्थानीय हिंदू और मुस्लिम युवा मिलकर रामलीला का मंचन करेंगे। इसमें मुस्लिम समुदाय के उस्मान विभीषण की भूमिका निभाएंगे, जबकि हिंदू समुदाय के अमित गुप्ता भगवान राम का किरदार निभाएंगे। आयोजन के जरिए सामाजिक सौहार्द और साझा सांस्कृतिक परंपराओं का संदेश देने का प्रयास किया जाएगा।
रात 11 बजे रावण दहन होगा। इसके बाद विभिन्न जिलों से आए आतिशबाज जवाबी आतिशबाजी का प्रदर्शन करेंगे। इस प्रतियोगिता में विजेता को पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में कानपुर की मशहूर रमपत की नौटंकी का आयोजन होगा।
सुरक्षा के लिए पुलिस और पीएसी रहेगी तैनात
मेले में खरीदारी और मनोरंजन के लिए लखनऊ, रायबरेली और उन्नाव से आए व्यापारियों ने दुकानें सजा दी हैं। परिसर में झूले भी लगाए गए हैं। भीड़ को कार्यक्रम दिखाने के लिए अलग-अलग स्थानों पर एलईडी टीवी लगाए गए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे मेला परिसर को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा जाएगा।
थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार कनौजिया ने बताया कि मेले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इसके लिए पीएसी, फायर ब्रिगेड और कई थानों की अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात रहेगी।
