मोहनलालगंज, लखनऊ। राजधानी के पीजीआई क्षेत्र स्थित डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में शनिवार को भारतीय किसान क्रान्ति यूनियन की ओर से किसान महापंचायत आयोजित की जाएगी। संगठन के मुताबिक, इस महापंचायत में प्रदेश के करीब 40 जनपदों से किसानों के शामिल होने की तैयारी है। कार्यक्रम के जरिए किसानों की समस्याओं और मांगों को सरकार तक पहुंचाने की रणनीति बनाई गई है।
भारतीय किसान क्रान्ति यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषि मिश्रा ने प्रदेश के किसानों से महापंचायत में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना और उनके अधिकारों की रक्षा करना संगठन की प्राथमिकता है। कृषि क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए किसानों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाना चाहिए।
ऋषि मिश्रा ने कहा कि वह किसानों के अधिकार, सम्मान और हितों की लड़ाई के लिए लगातार प्रयास करते रहेंगे। उन्होंने संगठन की ओर से किसानों की मांगों को मजबूती से उठाने के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही।
मुख्यमंत्री के नाम सौंपा जाएगा ज्ञापन
महापंचायत के दौरान किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन संबंधित अधिकारी को सौंपा जाएगा। संगठन की मांग है कि किसानों की ओर से उठाए गए मुद्दों पर गंभीरता से विचार किया जाए और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं।
संगठन का कहना है कि इस महापंचायत के जरिए प्रदेश के अलग-अलग जिलों के किसानों को एक मंच पर लाकर उनकी समस्याओं को सरकार के सामने रखा जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषि मिश्रा ने किसानों से एकजुट होकर महापंचायत में भाग लेने की अपील की है।
