मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के कुन्दनखेड़ा मजरा डेबरिया भरसवां गांव में दीवार गिराने को लेकर हुए विवाद में एक महिला पर कुल्हाड़ी से हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने गांव के ही तीन लोगों पर दीवार गिराने, गाली-गलौज करने और विरोध करने पर डंडे व कुल्हाड़ी से हमला करने का आरोप लगाया है। घटना में महिला के सिर पर चोट लगने की बात कही गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 11 बजे सत्यनारायण पुत्र प्रसाद, पंकज और प्रदुम पुत्रगण सत्यनारायण निवासी कुन्दनखेड़ा मजरा डेबरिया भरसवां ने कथित तौर पर रेशमी पत्नी सर्वेश कुमार की दीवार गिरा दी। दीवार गिराने का विरोध करने पर विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि तीनों लोगों ने रेशमी और उसकी देवरानी के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान डंडे से हमला किया गया और रेशमी के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया गया। सिर में चोट लगने के बाद रेशमी बेहोश होकर गिर पड़ी। पीड़िता ने आरोपियों पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने और गाली-गलौज करने का भी आरोप लगाया है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
घटना के संबंध में मोहनलालगंज पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
