मोहनलालगंज, लखनऊ: सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और शराब पीकर वाहन चलाने के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए शुक्रवार को लखनऊ के मोहनलालगंज में सड़क सुरक्षा जागरूकता पदयात्रा निकाली गई। कंज्यूमर वॉयस, कंज्यूमर गिल्ड और जननायक सुजीत पाण्डेय मेमोरियल ट्रस्ट के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस अभियान में सैकड़ों युवाओं ने हिस्सा लेकर सुरक्षित यातायात का संदेश दिया। पदयात्रा का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. अजय पाण्डेय ‘सत्यम’ ने हरी झंडी दिखाकर किया।

अभियान के दौरान प्रतिभागियों ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, नशे की स्थिति में वाहन न चलाने और सड़क पर दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की। कार्यक्रम के तहत विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों का मंचन कर सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को सरल और प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया गया।

मुख्य अतिथि डॉ. अजय पाण्डेय ‘सत्यम’ ने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना केवल सरकारी तंत्र की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाने का खामियाजा चालक के साथ-साथ निर्दोष लोगों और उनके परिवारों को भी भुगतना पड़ सकता है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को जिम्मेदारी निभाते हुए नशे में वाहन न चलाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लेना चाहिए।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि एवं नेशनल आवाज के निदेशक मनोज मुसाफिर ने कहा कि नशे में वाहन चलाना सड़क पर मौजूद सभी लोगों के लिए जोखिम पैदा करता है। दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यातायात नियमों के प्रति गंभीरता और सामाजिक जागरूकता आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से इस दिशा में आगे आकर लोगों को जागरूक करने की अपील की।

कार्यक्रम में कंज्यूमर वॉयस के सलाहकार एवं आयोजक हेमंत उपाध्याय, कंज्यूमर गिल्ड के अध्यक्ष अभिषेक श्रीवास्तव, कंज्यूमर वॉयस की सीनियर मैनेजर एकता पुरोहित, एमिटी यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस प्रदीप सिंह, राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अवधेश साहू और सामाजिक कार्यकर्ता शैलेश साहू सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

आयोजकों ने बताया कि इस तरह के जनजागरूकता अभियानों का उद्देश्य लोगों में जिम्मेदार यातायात व्यवहार विकसित करना और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करना है। पदयात्रा के जरिए लोगों से अपील की गई कि वे नशे में वाहन चलाने से बचें, यातायात नियमों का पालन करें और अपनी सुरक्षा के साथ दूसरों के जीवन की रक्षा को भी प्राथमिकता दें।

admin

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest Post