निगोहां, लखनऊ। दशहरा मेले के दौरान इलेक्ट्रिक स्कूटी चोरी होने के मामले में निगोहां पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से चोरी की गई स्कूटी भी बरामद कर ली है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी स्कूटी को बेचने के इरादे से उन्नाव ले जा रहा था।

पुलिस के मुताबिक, रायबरेली जिले के बछरावां थाना क्षेत्र स्थित कसरांवा गांव निवासी मोहिनी पुत्री मेवालाल ने बुधवार को निगोहां थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि मंगलवार को दशहरा मेले के दौरान उनके भाई की इलेक्ट्रिक स्कूटी चोरी हो गई थी। शिकायत मिलने के बाद थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की तलाश के लिए दो पुलिस टीमें गठित कीं।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे करीब 40 से 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय सूचनाओं और पुलिस की निगरानी के आधार पर संदिग्ध की पहचान की गई। इसके बाद उन्नाव जिले के मौरावां थाना क्षेत्र के करदहा गांव निवासी 19 वर्षीय मोहन गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से चोरी की गई इलेक्ट्रिक स्कूटी भी बरामद हुई।

नशे और ऑनलाइन गेमिंग के लिए करता था चोरी, पूछताछ में हुआ खुलासा

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और ऑनलाइन गेम भी खेलता है। पैसे खत्म होने पर अपने खर्चों को पूरा करने के लिए वह छोटी-मोटी चोरियां करता था। आरोपी के अनुसार, दशहरा मेले में घूमने के दौरान उसने इलेक्ट्रिक स्कूटी चोरी की और उसे बेचने के लिए उन्नाव की ओर जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

निगोहां पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया। इस पूरे मामले का खुलासा थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने किया।

admin

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest Post