गोरखपुर। उत्तर प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियों के बीच भाजपा अपने नए अभियान की शुरुआत गोरखपुर से करने जा रही है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 4 नवंबर को यहां से ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान का आगाज करेंगे। इस दौरान पदयात्रा, जनसभा, युवा संवाद और प्रबुद्ध वर्ग के साथ बैठक सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी शामिल होंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को लेकर पार्टी संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं, ताकि कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
एमपी इंटर कॉलेज में होगी जनसभा
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, नितिन नवीन 4 नवंबर को गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद सुबह 10:30 बजे एमपी इंटर कॉलेज में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे।
जनसभा के बाद वह जिला परिषद गेट से पदयात्रा शुरू करेंगे। यह यात्रा काली मंदिर होते हुए गोलघर तक पहुंचेगी। यहां सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
सांसदों और विधायकों के साथ भी होगी बैठक
दौरे के दौरान नितिन नवीन गोरखपुर क्षेत्र के सांसदों, राज्यसभा सदस्यों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के साथ संगठनात्मक बैठक करेंगे। इसके अलावा विश्वविद्यालयों के कुलपतियों, व्यापारियों, अधिवक्ताओं और चार्टर्ड अकाउंटेंट सहित प्रबुद्ध वर्ग के लोगों से भी संवाद करेंगे।
अभियान को लेकर संगठन ने तेज की तैयारी
भाजपा महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य पार्टी के संदेश को आम लोगों तक पहुंचाना और विभिन्न वर्गों की सहभागिता बढ़ाना है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दी जा रही हैं।
वहीं, अभियान के क्षेत्रीय प्रभारी अभिजात मिश्र भी कार्यक्रम की तैयारियों के सिलसिले में पहले ही गोरखपुर पहुंचेंगे। चार नवंबर को होने वाले इन आयोजनों के जरिए भाजपा जनसभा, पदयात्रा और संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से अपना अभियान आगे बढ़ाएगी।
