निगोहां, लखनऊ। दीपावली, धनतेरस और छठ पूजा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए निगोहां पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में थाना परिसर में थाना प्रभारी रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। इसमें क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं, ग्राम प्रधानों और चौकीदारों ने सहभागिता की।

बैठक के दौरान थाना प्रभारी ने लोगों से त्योहारों को आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा न करें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। क्षेत्र में कोई संदिग्ध गतिविधि या विवाद सामने आने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की भी अपील की गई।

त्योहारों के मद्देनजर अस्थायी आतिशबाजी लाइसेंस धारकों के साथ भी बैठक की गई। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही लाइसेंस में निर्धारित शर्तों और नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की हिदायत दी गई।

थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने कहा कि त्योहारों के दौरान क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी लोग आपसी समन्वय और सहयोग से पर्व मनाएं, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो और त्योहार सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सकें।

admin

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *