लखनऊ। प्रदेश के पूर्व खनन मंत्री और सपा नेता गायत्री प्रसाद प्रजापति पर लखनऊ जेल में हमला हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सफाई ड्यूटी कर रहे एक बंदी ने उन पर कैंची से हमला कर दिया। इससे गायत्री प्रजापति के सिर में गंभीर चोट आई है, उनके सिर में 10 से अधिक टांके लगे।
विवाद उस समय हुआ, जब बंदी सफाई कर रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि गाली देने पर बंदी ने प्रजापति पर हमला कर दिया। वहीं जेल प्रशासन का कहना है कि कैंची से हमला किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है। गायत्री प्रजापति को झगड़े में चोट लगी है, जेल में ही डाक्टर उनका इलाज कर रहे हैं। जेल प्रशासन ने आरोपी बंदी को हिरासत में ले लिया है, उससे पूछताछ की जा रही है।
