Iran Israel War: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच ईरान पर बड़े हमलों की खबरों ने क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति को गंभीर बना दिया है। तेहरान सहित कई स्थानों पर धमाकों की सूचना के बाद इस्राइल में स्थित भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका और इस्राइल ने संयुक्त रूप से ईरान के कई ठिकानों को निशाना बनाया। हमलों के बाद क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। इस्राइल में सायरन बजने और संभावित मिसाइल हमलों की आशंका जताई जा रही है।
भारतीय दूतावास की सलाह
इस्राइल में भारतीय दूतावास ने सभी भारतीय नागरिकों से अत्यधिक सतर्कता बरतने को कहा है। एडवाइजरी में नागरिकों को स्थानीय प्रशासन और होम फ्रंट कमांड द्वारा जारी सुरक्षा दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करने की सलाह दी गई है। अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने को कहा गया है।दूतावास ने यह भी कहा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
उड़ानों पर असर
क्षेत्रीय तनाव के चलते कई देशों ने अपने हवाई क्षेत्र बंद कर दिए हैं। इसका असर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर पड़ा है। एयर इंडिया ने सुरक्षा कारणों से दिल्ली-तेल अवीव उड़ान को वापस भारत डायवर्ट कर दिया। एयरलाइन ने बयान जारी कर कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और हालात के अनुसार आगे के निर्णय लिए जाएंगे। इसी तरह अन्य एयरलाइंस भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और यात्रियों को यात्रा से पहले फ्लाइट स्टेटस जांचने की सलाह दी गई है।
इस्राइल में आपातकालीन उपाय
संभावित हमलों की आशंका को देखते हुए इस्राइल में कई एहतियाती कदम उठाए गए हैं। स्कूलों को अस्थायी रूप से बंद किया गया है और नागरिकों को सुरक्षित स्थानों के पास रहने की सलाह दी गई है। रक्षा मंत्रालय ने देशभर में विशेष आपातकालीन स्थिति की घोषणा की है।
तेहरान में धमाकों की खबरें
ईरान की राजधानी तेहरान में कई विस्फोटों की सूचना है। अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कुछ सरकारी ठिकानों को निशाना बनाया गया है। हालांकि, हमलों से हुए नुकसान और हताहतों को लेकर आधिकारिक जानकारी सीमित है। पश्चिम एशिया में तेजी से बदलते हालात के बीच अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें इस घटनाक्रम पर टिकी हुई हैं। भारतीय नागरिकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से बचें और केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर भरोसा करें।
