मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज स्थित गौरा रिजॉर्ट में भारतीय जनता पार्टी, लखनऊ जिला द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय इस कार्यक्रम के तहत आयोजित प्रदर्शनी और प्रथम सत्र का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

उपमुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से इन्हें आम जनता तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर निर्भर करती है और इस प्रशिक्षण अभियान का उद्देश्य मंडल से लेकर बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सशक्त बनाना है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव और बूथ स्तर पर पहुंचकर लोगों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष विजय मौर्य ने की। इस दौरान लगी प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें ब्रह्मोस मिसाइल, राष्ट्र प्रेरणा स्थल, टेक्सटाइल पार्क, किसान पथ और काकोरी ट्रेन एक्शन से जुड़े चित्र और जानकारियां प्रदर्शित की गईं। प्रदर्शनी को देखने के लिए कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया।
प्रशिक्षण महाअभियान के विभिन्न सत्रों में संगठनात्मक विषयों, सरकार की नीतियों, सोशल मीडिया की भूमिका और बूथ प्रबंधन जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। अलग-अलग सत्रों में प्रदेश और क्षेत्रीय स्तर के पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रणनीति साझा की।
जिला मीडिया प्रभारी चिंता मणि पांडेय के अनुसार कार्यक्रम में क्षेत्रीय महामंत्री विजय प्रताप सिंह, विधायक अमरेश रावत, योगेश शुक्ला, जय देवी कौशल, पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर, विधान परिषद सदस्य रामचंद्र प्रधान सहित कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
