मोहनलालगंज, लखनऊ। नगराम स्थित राजनारायण जायसवाल इंटर कॉलेज में गुरुवार को बच्चों को यौन अपराधों से सुरक्षा और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए पॉक्सो अधिनियम-2012 पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के साथ विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में न्यायिक मजिस्ट्रेट एकलव्य सरोज शामिल हुए। विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय कुमार चतुर्वेदी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए न्यायिक मजिस्ट्रेट ने पॉक्सो अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श के बीच अंतर समझाते हुए कहा कि किसी भी तरह की असहज या अनुचित घटना होने पर उसे छिपाने के बजाय भरोसेमंद अभिभावक, शिक्षक या संबंधित सहायता तंत्र को तत्काल जानकारी देनी चाहिए।

उन्होंने बच्चों को यह भी बताया कि कानून उन्हें यौन अपराधों से सुरक्षा प्रदान करता है और किसी घटना की जानकारी मिलने पर सहायता लेने में झिझक नहीं करनी चाहिए। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को उनके अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई।
जागरूकता कार्यक्रम के बाद विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया। न्यायिक मजिस्ट्रेट एकलव्य सरोज ने पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा के साथ पर्यावरण की रक्षा भी समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
विद्यालय प्रधानाचार्य ने कार्यक्रम के आयोजन और जागरूकता संदेश के लिए मुख्य अतिथि का आभार जताया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
