मोहनलालगंज। क्षेत्र के मऊ गांव में मंगलवार को दशहरा मेले के दौरान रामलीला मंचन के बाद रावण के पुतले का दहन किया गया। मऊ के रामलीला मैदान में बंशी बाबा रामलीला समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इसी तरह सिसेंडी, धनुवासाड़, खुजौली, पुरसेनी, दहियर और कोड़रा रायपुर समेत कई गांवों में भी रामलीला के बाद रावण दहन किया गया।
मऊ गांव के रामलीला मैदान में आयोजित रामलीला में नारांतक वध के बाद भगवान श्रीराम और रावण के बीच युद्ध का मंचन किया गया। कथा के अनुसार, विभीषण ने श्रीराम को रावण की नाभि में अमृत होने की जानकारी दी। इसके बाद श्रीराम ने नाभि पर बाण चलाकर रावण का वध किया। रामलीला में रावण के धर्म संबंधी उपदेश और युद्ध के अन्य प्रसंगों का भी आकर्षक मंचन किया गया।

गांव के वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं और बच्चों ने रामलीला के विभिन्न पात्रों की भूमिकाएं निभाईं। करीब तीन घंटे में संपूर्ण रामलीला का मंचन किया गया। इसके बाद रावण के पुतले का दहन हुआ। रामलीला के साथ लगाए गए दशहरा मेले में भी लोगों की चहल-पहल बनी रही।
कई गांवों में हुआ रावण दहन
मोहनलालगंज क्षेत्र के सिसेंडी, धनुवासाड़, खुजौली, पुरसेनी, दहियर और कोड़रा रायपुर समेत अन्य गांवों में भी दशहरा मेले और रामलीला का आयोजन किया गया। इन गांवों में भगवान श्रीराम के हाथों रावण वध के मंचन के बाद पुतलों का दहन किया गया। लोगों ने मेले का आनंद लेने के साथ धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लिया।
पुलिस और पीएसी रही तैनात
दशहरा मेलों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसीपी आरके सिंह और प्रभारी निरीक्षक रामबाबू सिंह ने पुलिस बल के साथ विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। सभी मेलों में सुरक्षा के मद्देनजर उपनिरीक्षकों के साथ पर्याप्त पुलिस बल और पीएसी के जवान तैनात रहे।

इस मौके पर बंशी बाबा रामलीला समिति के अध्यक्ष अजय मिश्रा, प्रबंधक अरविंद मिश्रा, एलडीबी अध्यक्ष अशोक तिवारी, निर्देशक रंजीत यादव, सतीश अवस्थी, अतुल तिवारी, कोषाध्यक्ष आशीष द्विवेदी, मनीष तिवारी, चेयरमैन प्रतिनिधि अजय पांडे, अरुणेश प्रताप सिंह, सभासद हिमांशु तिवारी समेत क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
