मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज विकासखंड के परसपुर ठट्ठा गांव में पारंपरिक मेले के साथ विशाल दंगल का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में स्थानीय पहलवानों के साथ दूर-दराज के क्षेत्रों से आए पहलवानों ने भी हिस्सा लिया। अखाड़े में हुए रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए हजारों की संख्या में दर्शक पहुंचे। लोगों ने तालियां बजाकर पहलवानों का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे अभिषेक शुक्ला का आयोजकों और ग्रामीणों ने स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान जबरौली के अमित महाराज, जीएल गौतम और चंद्र आशुतोष चंद्र समेत अन्य अतिथि मौजूद रहे। अतिथियों ने पहलवानों का उत्साहवर्धन करते हुए ऐसे आयोजनों को ग्रामीण खेलों और पारंपरिक संस्कृति को बढ़ावा देने वाला बताया।

ग्राम प्रधान श्रीमती राजवती के मुख्य आयोजन में हुए इस दंगल में क्षेत्रीय और गैर जनपदों से आए पहलवानों के बीच कई मुकाबले हुए। पहलवानों ने अपने दमखम और कुश्ती के दांव-पेचों से दर्शकों को रोमांचित किया। मुकाबलों के दौरान अखाड़े के आसपास लोगों की भीड़ जुटी रही।
आखिरी मुकाबले में शमशेर ने हासिल की जीत
दंगल का सबसे रोमांचक मुकाबला शमशेर भावाखेड़ा और जयनेन्द्र लालगंज के बीच हुआ। आखिरी कुश्ती में दोनों पहलवानों ने जीत के लिए जोरदार प्रदर्शन किया। मुकाबले को देखने के लिए दर्शकों में खासा उत्साह रहा। अंततः शमशेर ने जीत दर्ज कर दंगल में अपना परचम लहराया। इस आखिरी कुश्ती के लिए दो हजार रुपये की राशि निर्धारित की गई थी।
दंगल और मेले के आयोजन से गांव में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। इस आयोजन ने ग्रामीणों को मनोरंजन का अवसर देने के साथ ही पारंपरिक कुश्ती कला को करीब से देखने और पहलवानों का उत्साह बढ़ाने का मौका भी दिया।
