मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज सर्किल में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस की सक्रियता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बीते दो महीनों में एक दर्जन से अधिक चोरी की वारदातें सामने आने के बावजूद किसी का खुलासा न होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला गौरा स्थित स्पर्श ग्रीन सिटी का है, जहां बुधवार को चोरों ने दिनदहाड़े एक बंद मकान को निशाना बनाकर 40 हजार रुपये नकद और करीब दो लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए। इसी दौरान पास के एक अन्य मकान में भी चोरी का प्रयास किया गया।

परिवार घर से बाहर गया, पीछे से लाखों का सामान गायब

रायबरेली जिले के महाराजगंज निवासी ट्रक चालक सूर्यमणि शुक्ला अपनी पत्नी मोनिका और बच्चों के साथ स्पर्श ग्रीन सिटी में मनीष मिश्रा के मकान में किराये पर रहते हैं। बुधवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे वह घर पर ताला लगाकर परिवार के साथ गोसाईगंज के मोहरीकला स्थित अपने रिश्तेदार के यहां चले गए।

इसी दौरान चोरों ने मकान के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद दो कमरों में रखी अलमारियों के लॉक तोड़कर नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। शाम करीब पांच बजे जब सूर्यमणि परिवार के साथ वापस लौटे तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला और कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। घर की हालत देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल डायल-112 पर सूचना देकर पुलिस को बुलाया।

अधिवक्ता के बंद मकान को भी बनाया निशाना

चोरों ने इसी कॉलोनी में कुछ दूरी पर स्थित अधिवक्ता रामेन्द्र सिंह के बंद मकान में भी सेंधमारी की कोशिश की। आरोपियों ने पहले गेट का ताला तोड़ा और फिर मुख्य दरवाजे का इंटरलॉक खोलने का प्रयास किया। हालांकि, वे इसमें सफल नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलने पर फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। इंस्पेक्टर के मुताबिक, कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में बाइक से आते तीन संदिग्ध दिखाई दिए हैं। पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं और उनके खुलासे में देरी के बीच अब पुलिस के सामने आरोपियों की पहचान कर वारदातों पर अंकुश लगाने की चुनौती है।

admin

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest Post