नगराम, लखनऊ। नगराम थाना क्षेत्र के डिघारी गांव से 65 वर्षीय बुजुर्ग शिवकुमार मिश्रा के लापता होने का मामला सामने आया है। तीन दिन बीतने के बाद भी उनका कोई पता नहीं चल सका है। परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे हैं। मंगलवार को बेटे संदीप मिश्रा ने नगराम थाने पहुंचकर पिता की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई और पुलिस से उन्हें सकुशल बरामद कराने की मांग की।

परिजनों के अनुसार, शिवकुमार मिश्रा रविवार शाम करीब चार बजे बिना किसी को बताए घर से निकल गए थे। काफी समय तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उनकी खोजबीन शुरू की। आसपास के गांवों, रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क कर जानकारी जुटाने की कोशिश की गई, लेकिन कहीं से भी उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

बुजुर्ग के अचानक लापता होने से परिवार के लोग परेशान हैं। उनकी उम्र को देखते हुए परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है। परिवार को आशंका है कि वह रास्ता भटककर किसी अनजान स्थान पर पहुंच गए होंगे।

परिजनों ने बताया कि लापता शिवकुमार मिश्रा की उम्र लगभग 65 वर्ष, लंबाई करीब पांच फीट और रंग गेहुँआ है। घर से निकलते समय उन्होंने लाल रंग की शर्ट और काले रंग की पैंट पहन रखी थी। उनके पैरों में हवाई चप्पल थी। परिवार ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को इस हुलिये के बुजुर्ग दिखाई दें या उनके संबंध में कोई जानकारी मिले तो परिवार अथवा नजदीकी पुलिस थाने को सूचित करें।

नगराम थाना प्रभारी अंजनी सिंह ने बताया कि बुजुर्ग के लापता होने की शिकायत परिजनों की ओर से प्राप्त हुई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उपलब्ध जानकारी के आधार पर उनकी तलाश की जाएगी।

बेटे संदीप मिश्रा ने पुलिस से पिता की जल्द तलाश कर उन्हें सुरक्षित घर पहुंचाने की अपील की है।

admin

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest Post