निगोहा, लखनऊ। पत्रकारिता लोकतंत्र को मजबूती देने के साथ समाज की वास्तविक समस्याओं को सामने लाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। पत्रकार अपनी लेखनी के जरिए आम लोगों की आवाज जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाते हैं। ऐसे में पत्रकारों का सम्मान करना उनके सामाजिक योगदान और दायित्वों के प्रति आदर व्यक्त करना है। यह बातें बुधवार को निगोहा प्रेस क्लब कार्यालय में आयोजित मासिक बैठक के दौरान पहुंचे भाजपा जिला उपाध्यक्ष हंसराज रावत ने कहीं।

इस अवसर पर हंसराज रावत ने प्रेस क्लब से जुड़े चार दर्जन से अधिक पत्रकारों को अंगवस्त्र, मिष्ठान और उपहार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के सामने जमीनी हकीकत रखने और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की जिम्मेदारी भी निभाती है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और किसानों से जुड़ी समस्याओं को सामने लाने में स्थानीय पत्रकारों की अहम भूमिका रहती है। उनकी खबरों के माध्यम से आमजन की परेशानियां शासन-प्रशासन तक पहुंचती हैं। निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए आवश्यक है।

बैठक की अध्यक्षता कर रहे प्रेस क्लब संरक्षक एवं वरिष्ठ पत्रकार मुकेश द्विवेदी ने कहा कि पत्रकार समाज और प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। निगोहा प्रेस क्लब का प्रयास पत्रकारों को एक मंच पर जोड़ना, आपसी सहयोग बढ़ाना और उनके हितों से जुड़े विषयों पर आवाज उठाना है। उन्होंने हंसराज रावत की ओर से पत्रकारों के सम्मान में आयोजित इस पहल की सराहना की।
जिला मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार योगेंद्र तिवारी ने कहा कि पत्रकारिता की विश्वसनीयता निष्पक्षता और सच्चाई पर निर्भर करती है। पत्रकारों को बिना किसी दबाव के जनसमस्याओं को सामने लाने के साथ अपने पेशे के मूल सिद्धांतों का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन की एकजुटता से पत्रकारों की आवाज को मजबूती मिलती है।
मासिक बैठक में प्रेस क्लब की संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और क्षेत्र की जनसमस्याओं पर भी चर्चा की गई। उपस्थित पत्रकारों ने आपसी समन्वय बनाए रखने और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर जोर दिया।
इस मौके पर प्रेस क्लब अध्यक्ष विमल सिंह, महामंत्री प्रदीप द्विवेदी, संरक्षक मुकेश द्विवेदी, वरिष्ठ पत्रकार योगेंद्र तिवारी, ललित दीक्षित सहित चार दर्जन से अधिक पत्रकार मौजूद रहे।
