मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज क्षेत्र में जमीन की खरीद-फरोख्त के दौरान कथित धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला सामने आया है। कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर जमीन का फर्जी तरीके से विक्रय किए जाने के आरोप में पुलिस ने पांच नामजद आरोपितों सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, निशातगंज न्यू हैदराबाद निवासी राजेन्द्र कुमारी सिंह पत्नी अनिल कुमार सिंह ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपितों ने आपसी आपराधिक साजिश के तहत धोखाधड़ी और जालसाजी करते हुए मोहारी खुर्द, परगना व तहसील मोहनलालगंज स्थित गाटा संख्या 798 की जमीन का कथित तौर पर फर्जी विक्रय कर दिया। संबंधित भूमि का क्षेत्रफल 0.2640 हेक्टेयर बताया गया है।

मामले में अमित पुत्र राजेश कुमार निवासी सेवई बरौना, अमीर खान पुत्र मोहम्मद अली खान निवासी खिरो, जनपद रायबरेली, जुबेर अली पुत्र अनवर अली निवासी भानपुर चांदी, जनपद सीतापुर, इरफान खान पुत्र अब्दुल रहमान निवासी कैलाशपुरी, आलमबाग लखनऊ तथा अंकुर रावत पुत्र उमादेवी निवासी सेवई बरौना, लखनऊ को नामजद किया गया है। इसके अलावा शिकायत में अन्य अज्ञात व्यक्तियों की संलिप्तता का भी आरोप लगाया गया है।

पीड़िता की तहरीर के आधार पर मोहनलालगंज पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले से जुड़े दस्तावेजों और जमीन के स्वामित्व संबंधी अभिलेखों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

admin

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *