उज्जैन। मुंबई फिल्म उद्योग के प्रसिद्ध अभिनेता संजय दत्त ने गुरुवार प्रातःकाल भगवान श्री महाकालेश्वर की भस्म आरती में शामिल होकर दर्शन लाभ प्राप्त किया। पारंपरिक वैदिक मंत्रोच्चार और डमरू की गूंज के बीच संजय दत्त ने विधि-विधान से पूजन किया और बाबा महाकाल से आशीर्वाद लिया।
पुजारियों ने सम्पन्न कराई पूजा
पूजन-विधि मंदिर के पुजारी अर्पित गुरु और यश गुरु द्वारा सम्पन्न कराई गई। इस अवसर पर मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं ने अभिनेता को अपने बीच पाकर उत्साह व्यक्त किया। आरती के बाद संजय दत्त ने कहा कि “महाकाल की भस्म आरती का दिव्य अनुभव आत्मा को शांति और ऊर्जा प्रदान करता है।”
प्रसाद और महाकाल लोक का अवलोकन
मंदिर प्रबंधन समिति के अधिकारियों ने उन्हें भगवान महाकाल का प्रसाद भेंट किया। दर्शन के दौरान अभिनेता ने महाकाल लोक परिसर का भी अवलोकन किया और वहां की व्यवस्थाओं की सराहना की।नवरात्रि के शुभ अवसर पर संजय दत्त की महाकाल दरबार में उपस्थिति श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रही।
