निगोहां, लखनऊ। निगोहां थाना क्षेत्र के मंगटइया गांव स्थित संगम फीलिंग पेट्रोल पंप पर 15 सितंबर को डीजल-पेट्रोल भराने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। मामले में दोनों पक्षों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों मामलों की विवेचना सहायक पुलिस आयुक्त मोहनलालगंज राजेश कुमार सिंह द्वारा की जा रही है।

पहले मामले में राती गांव निवासी लवकुश रावत ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि 15 सितंबर की दोपहर करीब दो बजे पेट्रोल पंप पर डीजल-पेट्रोल भराने को लेकर उसका पेट्रोल पंप कर्मी विक्की सिंह से विवाद हो गया। लवकुश का आरोप है कि विवाद के दौरान विक्की सिंह ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उसके साथ लात-घूंसों और डंडे से मारपीट की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के साथ एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

वहीं, दूसरे पक्ष से मंगटइया निवासी विक्की सिंह ने लवकुश रावत और सात-आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दी है। विक्की का आरोप है कि पेट्रोल पंप पर विवाद के दौरान लवकुश ने गाली-गलौज की और अपने साथियों के साथ ईंट-पत्थर लेकर उसके पीछे दौड़ा। शिकायत में जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस ने इस मामले में भी बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में विवेचना जारी है। फिलहाल किसी भी पक्ष की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस घटना से जुड़े आरोपों, परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है।

admin

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *