Health Tips: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में शारीरिक और मानसिक थकान महसूस करना आम बात है। लेकिन यदि आपको हर वक्त थकावट, सुस्ती और ऊर्जा की कमी महसूस होती है, तो यह किसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या का संकेत भी हो सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह सिर्फ नींद की कमी या तनाव नहीं, बल्कि कई बार यह शरीर में अंदरूनी रोगों की चेतावनी भी हो सकती है।
आइए जानें किन स्वास्थ्य समस्याओं की वजह से बार-बार थकान हो सकती है:
1. एनीमिया (लोह की कमी):-
जब शरीर में लाल रक्त कोशिकाओं या हीमोग्लोबिन की कमी हो जाती है, तो ऑक्सीजन की आपूर्ति प्रभावित होती है। इसके चलते कमजोरी, चक्कर आना और थकावट महसूस होती है। खासकर महिलाओं में यह समस्या मासिक धर्म, पोषण की कमी या खराब डाइट के कारण अधिक होती है। ऐसी स्थिति में आयरन टेस्ट कराना और डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।
2. थायराइड की समस्या:-
हाइपोथायरायडिज्म की स्थिति में शरीर पर्याप्त थायराइड हार्मोन नहीं बनाता, जिससे मेटाबोलिज़्म धीमा हो जाता है और थकान बढ़ती है। इसके साथ वजन बढ़ना, ठंड सहन न होना और स्किन ड्रायनेस जैसे लक्षण दिखते हैं। आयोडीन युक्त नमक और संतुलित आहार लेना फायदेमंद हो सकता है।
3. डायबिटीज:-
यदि ब्लड शुगर असंतुलित रहता है तो शरीर को ऊर्जा बनाने में परेशानी होती है। इसके कारण व्यक्ति जल्दी थक जाता है, बार-बार प्यास लगती है और वजन घटने लगता है। यदि ये लक्षण लगातार बने रहें, तो डॉक्टर से मिलकर शुगर जांच कराना जरूरी है।
4. क्रोनिक फटीग सिंड्रोम:-
यह एक दीर्घकालिक रोग है जिसमें व्यक्ति बिना किसी खास कारण के लगातार थकान महसूस करता है, जो आराम करने पर भी दूर नहीं होती। इसमें नींद की कमी, मांसपेशियों में दर्द और मानसिक थकावट भी देखी जा सकती है। इससे बचने के लिए तनावमुक्त रहना, योग करना और जीवनशैली को संतुलित रखना बेहद ज़रूरी है।
——————————————-
अस्वीकरण: संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।जी. के. न्यूज़ लाईव लेख में दी गई जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में बताई गई बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
