Rudraprayag: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पहाड़ों पर जगह-जगह भूस्खलन और भारी बोल्डर गिरने से हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा। सोमवार सुबह रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे पर मुनकटिया क्षेत्र में एक यात्री वाहन पर चट्टान का बड़ा टुकड़ा गिरने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, सोनप्रयाग से गौरीकुंड की ओर जा रहा वाहन भूस्खलन जोन में चट्टान की चपेट में आ गया। हादसे के समय गाड़ी में कुल 11 यात्री मौजूद थे। दुर्घटना की खबर मिलते ही स्थानीय लोग और राहत दल मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
मृतकों की पहचान
रीता (30 वर्ष), पत्नी उदय सिंह, निवासी – सियालब, थाना बड़कोट, उत्तरकाशी
चंद्र सिंह (50 वर्ष), पुत्र कलम सिंह, निवासी – सियालब, थाना बड़कोट, उत्तरकाशी
घायलों की सूची
नवीन सिंह रावत (35 वर्ष), पुत्र जयेंद्र सिंह, निवासी – सियालब (रेफर)
ममता (29 वर्ष), पत्नी चैन सिंह पंवार, निवासी – सियालब (रेफर)
प्रतिभा (25 वर्ष), पुत्री गिरवर सिंह, निवासी – सियालब
रेड अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार जिलों के लिए सोमवार को रेड अलर्ट जारी किया है। बाकी जिलों के लिए येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रदेशभर के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।
विशेषज्ञों के अनुसार मानसून अपने चरम पर है और आने वाले दिनों में बारिश का दौर तेज़ी से जारी रह सकता है। इसके चलते कई जगह तापमान में गिरावट और भूस्खलन की घटनाएं बढ़ने की आशंका है।
