नगराम, लखनऊ। नगराम क्षेत्र के अनैय्या गांव में भारतीय किसान यूनियन (लोकतांत्रिक) की एक बैठक आयोजित हुई, जिसमें किसानों और आम लोगों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश सिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कई अहम समस्याओं पर ध्यान दिलाया।
उन्होंने कहा कि बढ़ती बेरोज़गारी, गेहूं का समर्थन मूल्य, आपदा राहत में देरी और सरकारी अस्पतालों में दवाओं की कमी जैसे विषय किसानों और आमजन के लिए गंभीर चिंता का कारण बने हुए हैं। साथ ही उन्होंने क्षेत्र की खराब सड़कों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इससे लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक का आयोजन प्रदेश महासचिव अश्विनी मिश्रा के नेतृत्व में किया गया, जिसमें संगठन के विभिन्न पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान कई वक्ताओं ने अपने विचार रखते हुए किसानों की समस्याओं के समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने एक स्वर में कहा कि यदि समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हुआ, तो संगठन आंदोलन का रास्ता अपनाने पर विचार करेगा। अंत में किसानों के हितों के लिए एकजुट रहकर संघर्ष करने का संकल्प लिया गया।
